घाटशिला : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो गठबंधन सरकार पर विगत 6 वर्षों में घाटशिला के विकास की अनदेखी का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण पठन-पाठन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. घाटशिला में स्वास्थ्य सुविधाओं का घोर अभाव है. छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को ओड़िशा के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है. घाटशिला विधान सभा क्षेत्र के एकमात्र डिग्री कॉलेज घाटशिला कॉलेज में शिक्षकों की काफी कमी है. प्राकृतिक संसाधनों की लूट मची है. रोजगार के अभाव में गांवों के आदिवासी एवं मूलवासी युवा पलायन कर रहे हैं. अधिकांश गांवों की सड़कें बदहाल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ गोस्वामी ने झामुमो से सवाल किया कि वह बताये की 6 वर्षों में गठबंधन सरकार ने घाटशिला में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के लिए क्या काम किया. उन्होंने लोगों से आगामी घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि घाटशिला उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के विजयी होने पर राज्य में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा. डॉ गोस्वामी आज पार्टी द्वारा गालूडीह मंडल के महुलिया और मुसाबनी मंडलों के कुइलीसुता एवं मुसाबनी पूर्वी पंचायतों के सम्मेलनों को संबोधित कर रहे थे. सभाओं को हटिया के विधायक सह पार्टी विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाऊरी, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गगराई व अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.



