रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर : मनोहरपुर के झामुमो विधायक जगत माझी ने गुरूवार को शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने का मामला उठाया.इस पर विभागीय मंत्री दीपक बिरूवा ने जवाब में कहा कि अगले बजट सत्र से पूर्व ठोस निर्णय लेंगे. विधायक ने सदन में कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला अन्तर्गत कोल्हान, पोड़ाहाट, चाईबासा व सारंडा वन प्रमंडल अन्तर्गत वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है. इससे उनके बच्चे शिक्षा के साथ अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित हो रहे है. (नीचे भी पढ़े)
विधायक ने सदन को बताया कि इससे पूर्व वह इस मामले को ट्राइबल एडवाइजरी कौंसिल की बैठक में प्रमुखता से रख चुके हैं, मामला वहां समीक्षाधीन है. विधायक ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यथाशीघ्र जाति प्रमाण पत्र बनाने का कार्य शुरू किया जाए, ताकि वन पट्टाधारी योजना का लाभ लें सकें. विधायक के प्रश्न के बाद उत्तर देते हुए राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरूवा ने विधायक जगत माझी के सवाल को जायज ठहराया और कहा कि यह बात सही है कि वन पट्टाधारियों का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो रहा है, जिससे उन परिवारों को कठिनाई हो रही है. मंत्री ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रयास होगा कि अगले बजट सत्र से पूर्व इस मामले पर ठोस निर्णय ले लेंगे. मामले पर गंभीरता दिखाये जाने पर विधायक ने मंत्री को धन्यवाद दिया.



