रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर: चक्रधरपुर प्रखंड के बाइपी पंचायत अंतर्गत हिजिया गांव में शुक्रवार को पारंपरिक छऊ नृत्य का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और देर रात तक छऊ नृत्य का आनंद उठाया. इस अवसर पर सन्नी उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छऊ नृत्य की अपनी अलग पहचान और समृद्ध परंपरा है. (नीचे भी पढ़ें)

यह केवल एक सांस्कृतिक कला नहीं, बल्कि यहां के लोगों की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के अवसर पर छऊ नृत्य बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि छऊ कला को बढ़ावा देने के लिए कलाकारों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. यदि किसी गांव में छऊ नृत्य के संरक्षण और विकास के लिए किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, तो उसे यथासंभव पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान गांव की ऊपर टोली एवं नीचे टोली के कलाकारों ने आकर्षक छऊ नृत्य प्रस्तुत किया. कलाकारों ने राधा-कृष्ण लीला, गणेश वंदना, आरती, वनदेवी तथा महिषासुर वध जैसी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी. इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पीरु हेंब्रम, जिला परिषद सदस्य मीना जोंको, मुखिया पिंकी जोंको, प्रदीप महतो, हेमंत पोद्दार सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.







