रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय, आसनतलिया के बहुउद्देशीय सभागार में क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय आंतरिक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया. इस प्रशिक्षण का विषय किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम रहा, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया.कार्यक्रम का शुभारंभ संसाधन सेवी सुश्री निधि महतो, सुश्री शालिनी कुमारी गुप्ता, बसंत महतो (उप-प्राचार्य), जगदीश जामुदा (विद्यालय प्रशिक्षण नोडल अधिकारी), प्रमोद महतो (सहायक शिक्षक), संगीता कुमारी, सम्पा घोषाल एवं इला मेहता द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर मंदिरा गांगुली ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की.प्रशिक्षण सत्र में संसाधन सेवियों ने बताया कि किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरों को शारीरिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स, नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों, जीवन-कौशल विकास तथा आयु-उपयुक्त जानकारी से अवगत कराना है, ताकि वे स्वस्थ, जिम्मेदार और सशक्त जीवन जी सकें. उन्होंने यह भी बताया कि सही समय पर सही जानकारी देकर किशोरों में स्वस्थ दृष्टिकोण विकसित करना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना इस कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि है.(नीचे भी पढ़े)
सत्र के दौरान किशोरावस्था से जुड़ी आम गलत धारणाओं और उनके वास्तविक तथ्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह पहल किशोरों में जीवन-कौशल, लैंगिक संवेदनशीलता एवं समानता, शारीरिक-भावनात्मक जागरूकता को बढ़ावा देती है और उन्हें जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने में सक्षम बनाती है.कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक शिक्षिका अमृता प्रधान ने किया, जबकि अंत में सहायक शिक्षिका एस. इन्दुमती द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया.















