जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत विद्युत नगर में 21 दिसंबर को हुई बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो की नृशंस हत्या मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजा पाल (33 वर्ष) और एक नाबालिग किशोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी राजा पाल वर्तमान में बागबेड़ा, जमशेदपुर का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता रायपुर, छत्तीसगढ़ बताया गया है. पूछताछ के बाद पुलिस ने राजा पाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग आरोपी को रिमांड होम भेजा गया है.पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को विद्युत नगर जेएमटी-2 के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. शव की हालत बेहद भयावह थी. मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए गहरे निशान मिले थे. शव की पहचान बाद में बागबेड़ा निवासी शिवा पात्रो के रूप में हुई. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके बाद सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, तकनीकी शाखा के जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में शिवा पात्रो की हत्या की गई थी.आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सीएनजी टेंपो (नंबर JH05DS-7322), हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतक की चप्पल बरामद की है. पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई.















