जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली थाना पुलिस नशा कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 16 ग्राम ब्राउन शुगर, एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा एक स्कूटी (संख्या जेएच05डीजे-2883) जब्त की है. हालांकि, इस दौरान आदित्यपुर निवासी ब्राउन शुगर सप्लायर मोहम्मद फिरदौस (उम्र करीब 27 वर्ष) अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. इस संबंध में कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि आदित्यपुर का एक युवक कपाली क्षेत्र में आकर ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की. इसी दौरान आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा. मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किए गए. जांच के क्रम में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. (नीचे भी पढे़ं)

पुलिस को पता चला कि इस अवैध धंधे में एक महिला पेडलर रेशमा परवीन (उम्र लगभग 44 वर्ष) तथा उसका पति मोहम्मद परवेज अंसारी भी संलिप्त हैं. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेशमा परवीन को कपाली के हासांडूंगरी, काला ईद भट्टा के पास स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया. पूछताछ में रेशमा परवीन ने स्वीकार किया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती, रोड नंबर एच निवासी मोहम्मद फिरदौस उसे ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था, जिसे वह कपाली क्षेत्र में बेचती थी. पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से आदित्यपुर की रहने वाली है और पिछले करीब तीन महीनों से कपाली में किराए के मकान में रह रही थी. पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गयी है. इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. छापेमारी दल में थानेदार धीरंजन कुमार के अलावा कई सब-इंस्पेक्टर, टाइगर के जवान और अन्य सशस्त्र बल शामिल थे.















