जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस इलाके में इन दिनों लोग गंभीर प्रदूषण की मार झेल रहे हैं. सोमवार को बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने बर्मामाइंस स्थित दुर्गा पूजा मैदान पहुंचकर टाटा स्टील की मनमानी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी. समिति ने मांग की कि क्षेत्र को प्रदूषण से मुक्त किया जाए, सड़क का चौड़ीकरण किया जाए, पार्किंग की सीमित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए तथा दुर्गा पूजा मैदान में पेवर ब्लॉक बिछाए जाएं, ताकि धूल उड़ने की समस्या पर रोक लग सके. इस संदर्भ में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने बताया कि बर्मामाइंस क्षेत्र के दुर्गा पूजा मैदान में टाटा स्टील प्रबंधन की टीम एक बार फिर से पहुंची थी, जिसका बस्ती संघर्ष समिति के सदस्यों ने विरोध किया. उनका कहना है कि यहां का हालत ऐसा हैं कि स्थानीय लोग ठीक से सांस भी नहीं ले पा रहे. (नीचे भी पढ़ें)

सांस से जुड़ी बीमारियों के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्गा पूजा मैदान में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मिट्टी की धूल उड़ रही है, जिससे पूरा इलाका प्रदूषण की चपेट में है. इतना ही नहीं, बड़ी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही से बर्मामाइंस क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. इस मुद्दे को लेकर बस्ती संघर्ष समिति ने कई बार टाटा स्टील और जिला प्रशासन से पत्राचार किया, लेकिन दुर्गा पूजा मैदान से जुड़े इस मामले पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. संघर्ष समिति ने साफ तौर पर कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे.















