जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह की तैयारी को लेकर जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई. उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में आहूत बैठक एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, एसओआर राहुल जी आनंद जी, नजारत उप समाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीइओ मनोज कुमार समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, विभागीय पदाधिकारी व निजी कंपनियों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए. जिला स्तरीय समारोह का आयोजन जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोपाल मैदान में होगा. उप विकास आयुक्त द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागीय पदाधिकारी को दायित्व सौंपा गया. उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर जिला स्तरीय समारोह भव्यता से मनाया जाएगा. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक समारोह के आयोजन का निर्णय लिया जिसमें विभिन्न स्कूल के बच्चों द्वारा देश प्रेम से ओतप्रोत गीत-संगीत पर प्रस्तुति दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

जिला स्तरीय समारोह में इस वर्ष एक प्लाटून जैप-6, दो प्लाटून जिला पुलिस बल, 1 प्लाटून जिला गृह रक्षक तथा दो प्लाटून एनसीसी (महिला या पुरूष) के अलावा स्काउट एंड गाइड के दो प्लाटून को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया. परेड का पूर्वाभ्यास 20 और 21 जनवरी को पुलिस लाइन गोलमुरी, 22 जनवरी को गोपाल मैदान तथा 24 जनवरी को परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में किया जाएगा जिसका निरीक्षण जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से करेंगे. गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी सरकारी भवनों, कार्यालयों में झंडोतोलन का निर्देश दिया गया. साथ ही महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की साफ सफाई किए जाने का निर्देश दिया गया. समारोह स्थल की ससमय साफ-सफाई एवं आवश्यक तैयारी के लिए जेएनएसी को टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) प्रबंधन से समन्वय बनाने, आगंतुकों के बैठने की उचित व्यवस्था, एंबुलेंस, अग्निशामक आदि व्यवस्था संबन्धी दायित्व सौंपते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया.















