जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने वर्ष 2025 में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में कई गंभीर अपराधों के मामलों में न सिर्फ कमी दर्ज की गई, बल्कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई के बेहतर परिणाम भी सामने आए हैं. यह जानकारी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सोमवार को साझा की. एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि फायरिंग की जिन घटनाओं में किसी के घायल या मृत्यु होने की स्थिति बनी, ऐसे मामलों में 2025 में स्पष्ट कमी देखी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में इस तरह के 46 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2025 में इनकी संख्या घट कर 30 रह गई. उन्होंने कहा कि फायरिंग के सभी मामलों का सफलता पूर्वक खुलासा किया गया है और एक भी ऐसा केस नहीं है, जिसमें अपराधी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हुई हो. वाहन चोरी के मामलों में भी जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. एसएसपी के अनुसार वर्ष 2024 में बाइक और अन्य वाहनों की चोरी के 556 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 295 रह गई. यानी लगभग 40-45 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि नवरात्रि और अन्य बड़े त्योहारों के दौरान भी वाहन चोरी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी रही. चेन स्नैचिंग और अन्य स्नैचिंग की घटनाओं पर भी पुलिस का नियंत्रण मजबूत हुआ है. वर्ष 2024 में इस तरह की 78 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि 2025 में कुल 55 मामले सामने आए. इस प्रकार करीब 25 प्रतिशत की कमी दर्ज करने में पुलिस सफल रही. एसएसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि अवैध हथियारों की बरामदगी के मामले में 2025 पुलिस के लिए बेहद अहम रहा. वर्ष 2024 में बिना किसी फायरिंग की घटना के 75 मामलों में अवैध हथियार बरामद किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 111 हो गई. इनमें से 50 हथियार खुफिया सूचना (इंटेलिजेंस इनपुट) के आधार पर बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
गृहभेदन (बर्गलरी) के मामलों में भी विगत वर्ष जिला पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया है. एसएसपी ने बताया कि सामान्य तौर पर इन मामलों में सफलता की दर 30 से 40 प्रतिशत के बीच रहती है, लेकिन 2025 में जमशेदपुर पुलिस ने 58 प्रतिशत मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की. इन मामलों में कुल 101 गिरफ्तारियां की गई हैं. उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में फायरिंग से संबंधित मामलों में कुल 247 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई और 111 हथियार बरामद किए गए. सभी मामलों का सफलतापूर्वक डिटेक्शन किया गया है. एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि नशे के खिलाफ शुरू किया गया विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभी एक महीने पहले ही शुरू हुआ है, लेकिन इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. अब तक इस अभियान के तहत 30 से अधिक गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि ब्राउन शुगर, गांजा, कोडीन बेस सिरप समेत अन्य मादक पदार्थों की लगातार बरामदगी हो रही है. संबंधित आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की जा रही है. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसकी नियमित समीक्षा वे स्वयं और एसपी सिटी करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस का लक्ष्य अपराधियों पर सख्ती, नशे के नेटवर्क का सफाया और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना है.















