जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में जुगसलाई के युवक की हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है. इस घटना में संलिप्त चार में से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार में आये अभियुक्तों में बिरसानगर जोन नंबर 6 का रहने वाला ऋषि दलाई, जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल शामिल है. इसमें ऋषि दलाई का अपराधिक इतिहास है. वहीं एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उनके पास से चाईनीज चापड़, 2 धारदार हथियार और एक मोबाइल बरामद किया गया है. मंगलवार को सिटी एसपी ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि टेल्को खरकाई रोड के पास स्थित बाउड्री वाल के अंदर झाड़ियों में सोहेल अली की धारदार हाथियार से मारकर हत्या कर दी गयी थी. कांड का उद्भेदन के लिए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के द्वारा विशेष छापामारी दल सिटी डीएसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
छापेमारी टीम ने 24 घंटे के भीतर कांड का उद्भेदन किया, जहां से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि मृतक सोहेल अली और पकड़ाये गये अभियुक्त सभी दोस्त थे. मादक पदार्थ का सेवन करते थे. एक दिन मृतक सोहेल अभियुक्तों को जुगसलाई बुलाकर मारपीट किया था. कुछ दिन पहले ही मृतक और गिरफ्तार अभियुक्त मादक पदार्थ का सेवन कर रहे थे, तभी मृतक का मोबाइल खो गया. मृतक को शक था कि इन अभियुक्तों ने ही उसकी मोबाइल चोरी की है. जिसके लिए वह लगातार धमकी देता रहता था. वहीं इस धमकी और पूर्व में हुए मारपीट का बदला लेने के लिए सोहेल को टेल्को में बुलाकर निर्मम हत्या किया गया. फिलहाल पुलिस लगातार एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.















