चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में इन दिनों लगातार हाथी का खूनी खेल जारी है, जहां छह दिनों में कुल 9 लोगों को हाथी ने कुचलकर मार डाला है. इसमें वन विभाग का सिस्टम फेल होता नजर आ रहा है. सोमवार की देर रात एक बार फिर दंतेल हाथी के हमले से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी. घटना गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोवा गांव में हुई, जहां हाथी ने झोपड़ी पर हमला कर दिया. झोपड़ी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी. तीनों को हाथी ने कुचल कर मार डाला. मृतकों में कुंदरा बहदा, उनकी बेटी कोदमा बहदा और बेटे सामु बहदा शामिल है. वहीं कुंदरा की दूसरी बेटी जिंगी गंभीर रूप से घायल है और पत्नी ने झोपड़ी से भागकर अपनी जान बचायी. मिनी जानकारी अनुसार जिंगी के सिर पर गंभीर चोटें आयी है, जिसके प्राथमिक उपचार के बाद राउरकेला रेफर कर दिया गया है. गौरतलब है कि पिछले 6 दिनों में दंतेल हाथी ने 9 लोगों को मार डाला है, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल है. (नीचे भी पढ़ें)

वन विभाग की टीमें तैनात : वन विभाग के अनुसार हाथी को नियंत्रित करने के लिए कोल्हान, संतरा और सैतबा रेंज की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं. ग्रामीणों से रात में मशाल जलाने, शोर करने और पटाखे चलाने की अपील की गयी है, ताकि जंगली जानवरों को बस्तियों से दूर रखा जा सके.















