रांची: राजधानी स्थित लोक भवन में मंगलवार को सैनिक कल्याण निदेशालय की 17वीं प्रंबध कमेटी की एक बैठक हुई, इस बैठक की अध्यक्षता राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने की. उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों व शहीदो के आश्रितों के हितों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं मे एक है. साथ ही साथ उनके कल्याण से जुड़े हुए विषयों पर हरेक परिस्थिति में संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए. रांची के दीपाटोली स्थित झारखंड युद्ध स्मारक को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रुप में विकसित किया जाना चाहिए. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद लांसनायक अल्बर्ट एक्का के पैतृक गांव को आदर्श ग्राम के रुप में विकसित किए जाने पर जोर दिया. साथ ही बहुत जल्द शहीद के पैतृक गांव का दौरा करने की बात कही. इस दौरान झारखंड में एक और सैनिक स्कूल खोलने के लिए विचार विमर्श किया गया.साथ ही गोड्डा में सैनिक स्कूल का सैनिक कल्याण निदेशालय ने प्रस्ताव रखा. जिस पर सहमति भी जतायी गयी.शहीदों के आश्रितों को दो जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि किए जाने पर विमर्श किया गया. इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि यदि राज्य हित में किसी व्यक्ति के पास कुछ सुझाव है तो वे मेरे पास आकर सुझाव दे सकते है. (नीचे भी पढ़े)
राज्य में जितने भी भी अग्निवीर सेवा से वापस आए है, इसका सही आकलन किया जाना चाहिए. उन्होंने सख्त निर्देश दिया है कि अग्निवीरो को राज्य पुलिस बल सहित अन्य सुरक्षा व सेवा क्षेत्रों में अवसर प्रदान करने की संभावनाओं पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जाना चाहिए. राज्यपाल ने यह भी निदेश दिया कि जब सैनिक अवकाश पर राज्य में आते हैं और उनके कुछ निजी अथवा प्रशासनिक कार्य लंबित रहते हैं, तो ऐसे मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. बैठक में यह भी कहा गया कि झारखण्ड के जनजातीय समुदायों में सैन्य सेवा के प्रति विशेष रुचि देखने को मिलती है. इस दिशा में जनजातीय युवाओं के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र खोलने पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सैन्य सेवाओं में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें.















