चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में दंतेल हाथी का तांडव जारी है. बीती देर रात नोवामुंडी प्रखंड के जेटिया पंचायत अंतर्गत भरबरिया गांव में हाथी ने 6 लोगों को कुचलकर मार डाला, जबकी दो लोग गंभीर रूप से घायल है. मृतकों में सनातन मेराल, उनकी पत्नी जोंकों कुई, उनके दो बच्चे और दूसरे परिवार के दो सदस्य शामिल हैं. यह घटना रात करीब 10 बजे हुई, जब सभी लोग घर पर सो रहे थे. इस हमले में सनातन का एक बच्चा किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा. बीते 7 दिनों में हाथी ने इस क्षेत्र में कुल 16 लोगों की जान ले चुका है. (नीचे भी पढ़ें)

16 मौत के बाद ग्रामीणों में शोक और दहशत का माहौल है. वहीं वन विभाग के तमात कोशिशों के बावजूद क्षेत्र से हाथियों को भगाया नहीं जा सका है. चाईबासा के डीएफओ आदित्य नारायण ने बताया कि हाथी तेजी से अपना लोकेशन बदल रहा, जिससे वन विभाग को लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी हो रही है. इसके लिए पश्चिम बंगाल से विशेषज्ञ की टीम बुलायी गयी है, जो हाथी को ट्रेंकुलाइज कर काबू करेगी. वहीं वन विभाग की तकनीकी टीम अब हाथी का पता लगाने के लिए रात को थर्मल सेंसर ड्रोन उड़ायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
हाथी हमले की तिथिवार घटनाएं
1 जनवरी : टोंटो प्रखंड के बांडीझारी गांव निवासी 35 वर्षीय मंगल सिंह हेंब्रम की हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गयी. इसी रात बिरसिंहहातु गांव के कुचुबासा टोली निवासी 55 वर्षीय उर्दूप बहंदा भी हाथी की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गयी. वहीं सदर प्रखंड के रोरो ग्राम निवासी 57 वर्षीय विष्णु सुंडी की भी हाथी के हमले में मौत हो गयी. इस दौरान बिरसिंहहातु गांव की मानी कुंटिया और सुखमति बहंदा गंभीर रूप से घायल हो गयी. ये तीनों घटनाएं एक जनवरी की रात घटीं.
2 जनवरी : गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतवा गांव में हाथी ने मंदरू कयोम के 13 वर्षीय पुत्र रेंगा कयोम को कुचलकर मार डाला. वहीं चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के बाईपी गांव निवासी नंदू गागराई की 10 वर्षीय पुत्री ढिंगी गागराई को हाथी ने पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.
4 जनवरी : चार जनवरी की अहले सुबह गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत संतरा वन क्षेत्र की कुईडा पंचायत के अमराई कितापी गांव स्थित तोपनोसाई टोले में दंतैल हाथी ने 47 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। इस हमले में महिला के पति रंजन टोपनो और 10 वर्षीय पुत्र काहिरा टोपनो भी घायल हो गए.
5 जनवरी : सोमवार की अहले सुबह गोइलकेरा के संतरा वन क्षेत्र अंतर्गत बिला पंचायत के वन ग्राम मिस्त्रीबेड़ा में हाथी ने हमला कर 50 वर्षीय जोंगा लागुरी की जान ले ली। इस दौरान उनके पति 52 वर्षीय चंद्र मोहन लागुरी भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
6 जनवरी : दंतेल हाथी ने गोइलकेरा के सोवा गांव में हमला कर कुंदरा बाहदा, उनके 6 वर्षीय पुत्र कोदमा बाहदा और 8 माह की पुत्री सामू बाहदा की जान ले ली। वहीं परिवार की 3 वर्षीय बच्ची जिंगीं बाहदा गंभीर रूप से घायल हो गयी. इसके बाद बेकाबू हाथी सोवा और पाटुंग गांव होते हुए मंगलवार की अहले सुबह संतरा वन क्षेत्र के टोंटो प्रखंड स्थित कुईलसूता गांव पहुंचा, जहां उसने 21 वर्षीय जगमोहन सवईया को पटक-पटक कर मार डाला.















