जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में गो तस्करी गैंग का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने इस मामले में गोवंश के मवेशियों की तस्करी कर रहे गैंग के एक सदस्य इजहार इकबाल को गिरफ्तार किया है. यह गैंग इनोवा में बैल को ठूंस-ठूंस कर भरता था और इसकी तस्करी के लिए एक जगह से दूसरी जगह ले जाता है. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 12 सबीना मस्जिद के पास से इनोवा में बैठाए गए पांच गो-वंशीय जानवर बरामद किए हैं. इनको अमानवीय तरीके से इनोवा में रखा गया था. पुलिस इजहार इकबाल को जेल भेजने की तैयारी कर रही है. उससे पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

इज़हार इकबाल ने पूछताछ में बताया कि गोवंशीय मवेशियों की तस्करी में सोनू कुरैशी उर्फ सफदर कुरैशी और सईद कुरैशी शामिल हैं. दोनों आजादनगर रोड नंबर 12 शबीना मस्जिद के रहने वाले हैं. यह सभी गोवंशीय जानवर इन्हीं के यहां ले जाए जा रहे थे. पुलिस का कहना है कि यह दोनों गो वंशीय जानवरों का कारोबार करते हैं. इनका मकसद गोवंश जानवरों की हत्या कर मांस की बिक्री करने का था. आरोपी इजहार इकबाल चक्रधरपुर का रहने वाला है. पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.















