जमशेदपुर : टाटा स्टील में वेज रिवीजन समझौता के मसले को लेकर अब माहौल गर्माने लगा है. इस मामले को लेकर एनएस ग्रेड ने दबाव बढ़ा दिया है. टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के कांफ्रेंस रूम में न्यू सीरीज (एनएस) के कमेटी मेंबरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारी संख्या में कमेटी मेंबर उपस्थित रहे. बैठक के दौरान न्यू सीरीज के कर्मचारियों के ग्रेड रिवीजन में हो रही लगातार देरी को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया. कमेटी मेंबरों ने यह स्पष्ट रूप से कहा कि टॉप 3 पदाधिकारी द्वारा एनएस ग्रेड के कर्मचारियों की लंबित मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है. सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि न्यू सीरीज के कर्मचारियों का वेज रिवीजन, जो कि लंबे समय से लंबित है, उस पर अब किसी भी प्रकार का समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. यह केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा हुआ गंभीर मुद्दा है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में आगे की रणनीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. इस संदर्भ में न्यू सीरीज (एनएस ग्रेड) के सभी कमेटी मेंबरों ने टॉप 3 अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे अगली बैठक में टॉप 3 उपस्थित होकर कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीर, ठोस और समयबद्ध निर्णय लें. बैठक में मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गयी. इसमें वेज रिवीजन समझौता कितना साल का होगा, एमजीबी (मिनीमम गारंटीड बेनीफिट) कितना होगा, वीडीए पर प्वाइंट में कितनी बढ़ोत्तरी होगी, फिक्स्ड डीए, सालाना इंक्रीमेंट, एजुकेशन एलाउंस और ब्लॉक 1 और ब्लॉक 2 की नौकरी की सुरक्षा की गारंटी को लेकर चर्चा की गयी और तय किया गया कि वे लोग टॉप थ्री के पास इन सारे मुद्दे पर बातों को रखेंगे और आग्रह करेंगे कि इस पर गंभीरता से बातचीत करें नहीं तो फिर एनएस ग्रेड के कर्मचारी किसी भी हद तक जा सकते है.















