जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पटमदा प्रखंड के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बुधवार को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मंगल कालिंदी शामिल हुए. इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, उप प्रमुख श्रीदेवी माझी, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, स्वास्थ्य कर्मी, सहिया आदि मौजूद थे. विधायक मंगल कालिंदी ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया. इस दौरान संबोधित करते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार बीमारियों से पीड़ित लोगों की सुविधा हेतु इस तरह स्वास्थ्य शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार की ओर से किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

इस प्रकार शिविर में लोगों को चिकित्सक सलाह भी मिलता है. उन्होंने मरीजों की सुविधा हेतु विधायक निधि से सीएचसी में एक एक्सरे मशीन देने की घोषणा की. विधायक ने लोगों को ठंड से बचने की सलाह देते हुए बेवजह घर से नहीं निकलने की सलाह दी. मौके पर विधायक ने छोटे छोटे बच्चों की मुंहजुट्ठी रस्म को भी पूरा किया. वहीं नए नवदंपत्तियों को वस्त्र देकर सम्मानित भी किया. सीएचसी प्रभारी डॉ आर के सिंह ने बताया कि शिविर में सर्दी, खासी, बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित 300 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दी गई. शिविर में सीएचसी के सभी चिकित्सक गण मौजूद थे.






