जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने ग्राम सभा की जानकारी और अनुमति के बिना धार्मिक ट्रस्ट के गठन, मंदिर परिसर की आसपास की भूमि पर भवन निर्माण और सार्वजनिक राशि के संभावित दुरुपयोग का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान का विरोध करते हुए डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि इन सभी निर्णयों में ग्राम सभा की सहमति नहीं ली गयी, जो कि पेसा अधिनियम और स्थानीय स्वशासन के नियमों का उल्लंघन है. ग्रामीणों ने कहा कि गांव की भूमि, मंदिर परिसर और सार्वजनिक संसाधनों से जुड़े फैसले कुछ लोगों द्वारा अकेले लिए जा रहे हैं. इससे गांव में असंतोष का माहौल बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि बिना ग्राम सभा की अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो कानून के खिलाफ है. ग्रामीणों ने मांग की है कि धार्मिक ट्रस्ट के गठन और पंजीकरण की जांच की जाए, मंदिर परिसर में हो रहे भवन निर्माण की निष्पक्ष जांच हो और ग्राम सभा की अनुमति के बिना लिए गए सभी निर्णयों की समीक्षा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में गांव से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मामलों में ग्राम सभा की अनिवार्य अनुमति सुनिश्चित करने की मांग की गयी है.















