जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह राजू बगान निवासी रेलवे लोको पायलट सत्य नारायण के बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी कर ली. घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है. जिस समय चोरी हुई, उस वक्त सत्य नारायण जनशताब्दी एक्सप्रेस लेकर ड्यूटी पर गए हुए थे. घर के अन्य सदस्य भी बाहर थे, जिससे मकान पूरी तरह खाली था. शुक्रवार सुबह ड्यूटी से लौटने पर सत्य नारायण ने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद है. संदेह होने पर जब उन्होंने पीछे जाकर जांच की तो पाया कि पीछे का दरवाजा टूटा हुआ है. इसके बाद उन्होंने अपने एक मित्र को सूचना दी और फिर परसुडीह थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की जांच की. चोरों ने घर के तीनों कमरों को खंगालते हुए सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था. चोर आभूषण, नकद रुपये, लैपटॉप समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. पीड़ित के अनुसार चोरी की कुल राशि लगभग चार से पांच लाख रुपये है. सत्य नारायण ने बताया कि उनकी पत्नी और बेटा इलाज के लिए वेल्लोर गए हुए हैं. वहीं घर में रहने वाला एक रेंटर, जो लोको पायलट है, वह भी घटना के समय ड्यूटी पर था. चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुसे और मुख्य दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया था. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जांच में जुटी है.















