गालूडीह : शुक्रवार को घुटिया स्थित राजेन्द्र विद्यालय में बिहार एसोसिएशन की 100वीं वर्षगांठ पर जमशेदपुर ‘रेडक्रॉस सोसायटी, टाटा स्टील फाउंडेशन एवं जमशेदपुर आई हॉस्पिटल के सहयोग से ‘मेगा मेडिकल कैंप’ का आयोजन हुआ. समाज के जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित मेगा मेडिकल कैंप में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन मुख्य अतिथि थे. इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के उद्घाटन के पश्चात् आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं बीए कॉलेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष डॉ एसके सिंह ने करते हुए कहा कि हमारी संस्था समाज की उन्नति के लिए हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर है. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय की प्रधानाचार्य खुशबू ठाकुर ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, बिहार एसोसिएशन के महासचिव सीपीएन सिंह ने अंगवस्त्र तथा बिहार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं बीए कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के चेयरमैन डॉ एसके सिंह ने स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया. वहीं इस चिकित्सा शिविर में उपस्थित सभी चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस मेडिकल कैंप में चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा सामान्य रोग, नेत्र जांच, हृदय रोग, मधुमेह, रक्तचाप, महिला एवं बाल स्वास्थ्य सहित अनेक रोगों की निःशुल्क जांच तक मरीजों को उचित परामर्श दिया गया एवं मुफ्त जरूरी दवाइयां भी वितरित की गईं. स्वास्थ्य शिविर का 250 से अधिक स्थानीय लोगों ने लाभ उठाया. राजेंद्र विद्यालय, घुटिया के प्रांगण में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि ने ग्रामीण एवं चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समाज में टीबी (क्षय रोग), फाइलेरिया एवं एचआइवी जैसी भयानक बीमारियों को जड़ से खत्म करने की जरूरत है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि, जन प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है. अंत में बिहार एसोसिएशन के महासचिव सीपीएन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए शिविर को सफल बनानेवाले सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार जताया एवं भविष्य में भी ऐसे जन हितकारी कार्यक्रम आयोजित करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का सफलता पूर्वक समापन हुआ.















