जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी तापस घोष उर्फ तापस बंगाली को मानगो थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले की एक अहम कड़ी को सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार फायरिंग की यह घटना 29 दिसंबर 2022 को मानगो थाना क्षेत्र में हुई थी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसमें तापस घोष उर्फ तापस बंगाली की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो थाना पुलिस को हाल ही में गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने ठिकाने के आसपास मौजूद है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया और आरोपी को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी सरायकेला जिले के रामेश्वर कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से फायरिंग कांड से जुड़े कई अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है. फायरिंग की घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं, इस बिंदु पर भी गहन जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.














