बोड़ाम : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पल्सर बाइक सवार युवक की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार युवक किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई. हैरानी की बात यह रही कि युवक के सिर पर हेलमेट लगा था, बावजूद इसके उसके सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून जमा पाया गया. अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हादसा शुक्रवार रात 10 बजे के बाद हुआ होगा. सुबह करीब सात बजे राहगीरों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना बोड़ाम थाना को दी गई. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने हलूदबनी ओपी के पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा. पुलिस ने शव को सड़क किनारे नाले से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक की बाइक का नंबर जेएच05बीबी-2198 है, जिसके आधार पर वाहन मालिक का नाम संजय कुमार महतो, पता बालीगुमा बताया जा रहा है. थाना प्रभारी के अनुसार, हेलमेट होने के बावजूद सिर में गंभीर चोट और मौके पर मौत से भारी वाहन की टक्कर की आशंका प्रबल है. मृतक की पहचान हो चुकी है. मृतक मूल रुप से बालीगुमा का रहने वाला संजय कुमार है. उसके बड़े भाई ने शव की शिनाख्त की है. संजय अपने बड़े भाई को पटमदा छोकर बालीगुमा लौट रहा था. तभी यह हादसा हुआ. युधिष्ठिर ने बताया अगर उसके भाई को समय पर राहगीरों ने देख लिया होता या गश्त दल ने देख लिया होता तो उसका भाई शायद आज जीवित होता.















