जमशेदपुर: सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत टुईलुंग गांव में तीन माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका के मायके पक्ष ने इसे दहेज उत्पीड़न से जुड़ा मामला बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. मृतका के भाई वासुदेव हजाम ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बहन के पति अशोक प्रमाणिक, देवर दीपक प्रमाणिक और सास मंगली प्रमाणिक पर दहेज की मांग व शारीरिक मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है.शिकायत के अनुसार ससुराल पक्ष लगातार मायके से रुपये लाने का दबाव बना रहा था. परिजनों का कहना है कि मृतका शिक्षित और समझदार थी. (नीचे भी पढ़े)
वह अक्सर कहती थी कि चाहे उसे कितनी भी यातना सहनी पड़े, वह अपनी होने वाली संतान के लिए जीती रहेगी. इसके बावजूद ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा.परिजनों ने बताया कि 10 जनवरी की शाम मृतका के पति ने फोन कर सूचना दी कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई.चांडिल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.















