जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित श्री शिव मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव सोमवार को सायंकाल अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में समापन हुआ. इस अवसर पर वृंदावन से पधारे घनश्याम कृपालु महाराज के कृपापात्र शिष्य, पूज्य शिव नारायण दास महाराज ने भावपूर्ण श्रीराम कथा का रसपान कराकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. अंतिम दिन कथा में मेघनाद वध, कुंभकर्ण वध, रावण वध तथा माता सीता सहित भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन एवं भव्य राजतिलक जैसे अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायक प्रसंगों का सजीव एवं भावात्मक वर्णन किया गया. (नीचे भी पढ़े)
इन प्रसंगों को आकर्षक एवं मनोहारी झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने मुक्त कंठ से सराहा.
कथा के दौरान पूज्य शिव नारायण दास महाराज ने कहा कि रामायण का प्रत्येक प्रसंग जीवन को दिशा देने वाला है. भगवान श्रीराम के मुख से निकला प्रत्येक वाक्य मानव जीवन के लिए आदर्श एवं प्रेरणा का स्रोत है. कथा श्रवण के समय श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन होकर भावविभोर दिखाई दिए. वातावरण जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा.कथा के उपरांत विधिवत आरती, प्रसाद वितरण के साथ नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव का सफल एवं भक्तिमय समापन किया गया. अंत में श्री श्यामा श्याम सेवा समिति द्वारा भंडारा का आयोजन किया गया.















