रांची: झारखंड भाजपा के संगठन पर्व का अंतिम चरण शुरू हो गया है. प्रदेश चुनाव अधिकारी सह सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव की समय-सारणी जारी कर दी है. चुनाव की पूरी प्रक्रिया 13 और 14 जनवरी को संपन्न होगी.12 जनवरी को राज्य चुनाव अधिकारी सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव देर शाम रांची पहुंच गए है.(नीचे भी पढ़े)
13 जनवरी को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दोपहर 12 से 2 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे. दोपहर 2 से 3 बजे तक स्क्रूटनी होगी और शाम 5 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे हरमू रोड स्थित ‘कार्निवाल हॉल’ में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की जाएगी.
डॉ. वर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक नामांकन पत्र स्वीकृत होते हैं, तो नियमानुसार मतदान कराया जाएगा. इसके साथ ही पिछले एक वर्ष से चल रहे प्राथमिक सदस्यता, बूथ, मंडल और जिला स्तर के सांगठनिक चुनावों का विधिवत समापन हो जाएगा.















