जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप 10 जनवरी को हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी. सोमवार को जब दोनों का अंतिम संस्कार किया गया तो मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी से एक साथ दो अर्थी निकलने का दृश्य हर आंख को नम कर गया. लाल कुमार और उनकी पत्नी नीलम की अंतिम यात्रा में पूरा इलाका गमगीन हो उठा. जिधर से अर्थी गुजरी, वहां मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए. महिलाएं चित्कार मारकर रोती रहीं. दो दिनों से अपने माता-पिता के घर लौटने की आस में बैठे दोनों मासूम बच्चे जब उन्हें इस हालत में देखे तो शवों से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगे. बच्चों की करुण पुकार ने माहौल को और भी हृदयविदारक बना दिया. परिजन उन्हें ढांढस बंधाते रहे और दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया, जो देर शाम संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक लाल कुमार पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे. घटना के बाद से ही परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है. इधर, टाटा मोटर्स कंपनी के चेचिस प्रबंधक से वार्ता नहीं हो पाने को लेकर परिजनों में भारी नाराजगी है. मृतक के मौसेरे भाई महेश ने बताया कि कई बार प्रबंधक से फोन पर मुआवजे को लेकर मिलने का अनुरोध किया गया, लेकिन अनदेखी की गई. उन्होंने कहा कि उपायुक्त स्तर से भी प्रयास हुआ, फिर भी कंपनी का कोई अधिकारी सामने नहीं आया. अब दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन कोर्ट की शरण लेने की बात कह रहे हैं. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनात्मक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि प्रशासन के माध्यम से आश्रितों को मिल सकेगी. क्षेत्र में अब भी शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है.














