बहरागोड़ा : मकर संक्रांति झारखंड का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है. मकर पर्व नजदीक आते ही ग्रामीण इसकी तैयारियों में जुट जाते हैं. इस वर्ष भी मकर पर्व की खुशियां अब धीरे-धीरे ग्रामीण क्षेत्रों में दिखने लगी हैं. हर कोई इसकी तैयारी में जोर-शोर से जुट गया है. बहरागोड़ा प्रखंड अतंर्गत पाथरी पंचायत के मधुआबेड़ा गांव के बच्चों ने खजूर और ताड़ के पत्तों से मकर कुम्भे बनाने में जुटे हुए हैं. ज्ञात हो कि इस क्षेत्र के लोग बाउडी की रात को खजूर व ताड़ के पत्तों से बने ऐसे कुम्भे जलाकर आग तापते हैं और आतिशबाजी करते हैं. सुबह संक्रांति के दिन सभी नहाकर नये कपड़े पहनते हैं और तिलकुट, गुड़ पीठा और लजीज व्यंजन का लुफ्त उठाते हैं. (नीचे भी पढे़ं)
इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में कुम्भे बनाने का गजब जुनून दिख रहा है. सभी बच्चे कुमा बनाने में जुटे हुए हैं और बच्चों ने 50 कुम्भे बनाकर तैयार भी कर लिये हैं. इसे लेकर युवा शरत चंद्र मुण्डा, हरे कृष्ण धाड़ा, अनित नायेक, प्रकाश धाउड़िया, निताई बेरा, सचिन नायेक, राजा बेरा, देवनाथ षण्ड, सुबल नायेक, गौर बेरा, सुबिर बेरा, दयाल बेरा, बिजय बेरा, आरुण बेरा आदि युवा काफी दिनों से जुटे हुए है.















