रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने असम में रहनेवाले आदिवासी समुदाय से संबंधित अध्ययन के लिए पार्टी विधायकों की एक विशेष समिति का गठन किया है. यह समिति वहां रह रहे आदिवासियों की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर उनके हितों की रक्षा के लिए सुझाव देगी. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के निर्देश पर गठित की गई उक्त समिति में सांसद विजय हांसदा, झारखंड के मंत्री चमरा लिंडा, गुमला विधायक भूषण तिर्की एवं राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन राजा को शामिल किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने समिति के गठन के संबंध में सूचना जारी करते हुए समिति को आगामी दस दिनों के अंदर असम का दौरा कर वहां के आदिवासी समुदाय की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का भौतिक अध्ययन एवं निरीक्षण कर अपना लिखित प्रतिवेदन केंद्रीय अध्यक्ष को समर्पित करने का निर्देश दिया है.















