हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़ा बाज़ार टीओपी थाना अंतर्गत हबीबी नगर में ब्लास्ट में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ लोग बाड़ी की सफ़ाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज़ धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई. मरने वालों में एक महिला भी शामिल है. (नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि धमाका किसी विस्फोटक सामग्री से हुआ या किसी अन्य वजह से. पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.











