बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुरिया गांव के कई गरीब, असहाय और बुजुर्ग वृद्धा पेंशनधारियों को पिछले करीब 8 माह से पेंशन की राशि नहीं मिल रही है. पेंशन पाने के लिए बुजुर्ग लाभुक पंचायत से लेकर लगातार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन अब तक उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है. दुर्गा पूजा से लेकर दीपावली और अन्य त्योहार भी बीत गए, लेकिन इन बुजुर्गों के खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंची. आर्थिक रूप से कमजोर इन बुजुर्गों के लिए पेंशन ही जीवनयापन का एक महत्वपूर्ण सहारा है. (नीचे भी पढ़े)
आज भाजपा बरसोल मंडल अध्यक्ष कमल कांत सिंह ने प्रभावित बुजुर्ग पेंशनधारियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी ओर से सरकार एवं प्रशासन से अविलंब बकाया पेंशन राशि भुगतान कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन को गरीब, असहाय और बुजुर्ग लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए. बुजुर्गों को अपने ही हक की पेंशन पाने के लिए बार-बार पंचायत और प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना ना पड़े, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. कहा की मानुषमुरिया के सभी प्रभावित बुजुर्ग पेंशनधारियों को जल्द से जल्द पिछले 8 माह की बकाया पेंशन राशि का भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें इस उम्र में आर्थिक परेशानियों का सामना ना करना पड़े.












