हजारीबाग: हजारीबाग में गुरुवार की देर शाम को एक सड़क हादसे में जैप-7 में पदस्थापित सब इस्पेक्टर अनिल पासवान की मौत हो गयी. वे चौपारण के चोहदाहा थाना में पदस्थापित थे. घटना के संबंध में बताया जाता है कि हजारीबाग जैप-7 मुख्यालय में एक पुलिस सभा का आयोजन किया गया था,जिसमें शामिल होने के लिए अनिल पासवान हजारीबाग आए थे. कार्यक्रम की समाप्त होने के बाद वे चौपारण लौट रहे थे. इस दौरान पदमा गेट के पास बस पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहे थे. (नीचे भी पढ़े)
इस दौरान तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए. साथ ही साथ बाइक सवार तीन लोगों में दो गंभीर रुप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को हजारीबाग आरोग्यम अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही सब इस्पेक्टर ने दम तोड़ दिया. बाइक पर सवार महिला की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है. सूचना मिलते ही जैप-7 के पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार सहित काफी संख्या में पुलिस जवान पहुंचे. घटना को लेकर पुलिस विभाग में शोक की लहर है. परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गयी है.











