जमशेदपुर : जमशेदपुर में ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, चोरी, छिनतई और कारोबारी पुत्र के अपहरण के खिलाफ भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से शनिवार को एसएसपी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया गया. मौके पर विधायक पूर्णिमा साहू, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, अमरप्रीत सिंह काले, दिनेशानंद गोस्वामी, गुंजन यादव, आदि मौजूद थे. आक्रोश-प्रदर्शन में शामिल होन के लिए भाजपाई पहले भाजपा साकची कार्यालय पर एकत्रित हुए थे. इसके बाद यहां से पैदल मार्च करते हुए एसएसपी कार्यालय पर पहुंचे. यहां पर नारेबाजी के साथ जोरदार प्रदर्शन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान जमशेदपुर महानगर के नये अध्यक्ष संजीव कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में यह पहला विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें भाजपाईयों ने पूरी ताकत के साथ एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया. इसे लेकर संजीव सिन्हा ने कहा कि झारखंड में लगातार अपराध रहे है. पुलिस अपराध रोकने में नाकामयाब साबित हो रही है. चार दिन पहले ही जमशेदपुर के कारोबीरी पुत्र का अपरहण हुआ, जिसके 98 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है. पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका है. इससे कारोबारी में भय का माहौल बना है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि झारखंड में औद्योगिक घराना असुरक्षित महसूस कर रहा है. ऐसे में निवेशक कहां से झारखंड में निवेश करेंगे. पूर्णिमा साहू ने कहा कि दिन-दहाड़े अपहरण की घटना यह साबित करता है कि जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. उनमें पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है. कुछ माह में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में अपहरण, रंगदारी, अवैध वसूली, नशे का बढ़ता कारोबार, चोरी, लूट और गुंडागर्दी की कई घटनाएं सामने आई है. पुलिस सिर्फ हेलमेट चेकिंग और चालान काटने भर ही सीमित रह गयी है. अपराधियों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच रहे हैं.











