जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास 11 दिसंबर को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में घायल दोनों बाइक सवारों की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इस हादसे ने एक बार फिर शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अरबाज को पहले एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत नाजुक होने पर उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. अरबाज की मां राबिया के आवेदन पर सुंदरनगर थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. शनिवार को पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, हादसे में घायल दूसरे बाइक सवार की भी मौत हो चुकी है. उसकी पहचान ओडिशा के मयूरभंज जिले के बड़ासिया गांव निवासी नरसिंह हेंब्रम के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद उसके परिजन उसे इलाज के लिए ओडिशा ले गए थे और मयूरभंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
यह हादसा दो तेज रफ्तार बाइकों के आमने-सामने टकराने से हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन काफी तेज गति में थे, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि जमशेदपुर में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है. शहर में वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते नजर आते हैं. वर्ष 2011 में ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड लिमिट लागू करने की योजना बनाई थी और इसे लेकर जिला प्रशासन स्तर पर कई बैठकें भी हुईं, लेकिन यह योजना कागजों तक ही सीमित रह गयी. यदि समय रहते इसे जमीन पर उतारा गया होता, तो शायद ऐसे हादसों को रोका जा सकता था.











