जमशेदपुर : सिदगोड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एग्रिको क्षेत्र स्थित एक जर्जर क्वार्टर में छापामारी कर वहां से एक महिला सहित दो लोगों को 100 पुड़िया (करीब 23 ग्राम) ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
सिदगोड़ा थाना प्रभारी बिरेंद्र कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को सुबह 10:30 बजे के करीब गुप्त सूचना मिली कि एग्रिको 3 नंबर गोलचक्कर एवं भालुबासा के बीच स्थित एक जर्जर क्वार्टर में कुछ महिला एवं पुरुष मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं. इसके बाद सिटी एसपी कुमार शिवाशीष की निगरानी में मुख्यालय 1 पुलिस उपाधीक्षक भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक छापामार दल का गठन किया गया, जिसने भालुबासा टीओपी के पास स्थित जर्जर क्वार्टरों की तलाशी शुरू की. तलाशी के क्रम में एक टूटे-फूटे क्वार्टर में एक महिला एवं एक पुरुष को संदिग्ध हालत में पाया. पुलिस को देख कर भागने का प्रयास कर रहे दोनों को पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर पकड़ा. पकड़ाये व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम राहुल सांडिल बताया जो सिदगोड़ा के बागुननगर रोड नंबर 3 का निवासी है. वहीं पकड़ाई महिला ने अपना नाम प्रीति कुमारी बताया जो सीतारामडेरा थानांतर्गत छायानगर की रहने वाली है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस दल द्वारा दोनों की तलाशी के क्रम में राहुल सांडिल के दाहिने पॉकेट से एक मोबाइल फोन जबकि पैंट के बांये पॉकेट से प्लास्टिक की छोटी पन्नी में रखी ब्राउन शुगर की 25 पुड़ियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन करीब 6 ग्राम होगी. वहीं पकड़ाई महिला प्रीति कुमारी के जैकेट के दाहिने पॉकेट से सफेद रंग की प्लास्टिक पाउच में कुल 75 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुआ, (जिसका कुल वजन करीब 17 ग्राम) एवं 5480 रुपये नगद बरामद हुए. पुलिस ने सारी पुड़ियों को जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया. बाद में दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस की विविध धाराओं में मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.











