रामगोपाल जेना,चाईबासा: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह सोमवार को चाईबासा पहुंचे. उनके साथ झारखंड पुलिस के आईजी ऑपरेशन डॉ. माइकल राज एस तथा सीआरपीएफ के झारखंड सेक्टर के आईजी साकेत सिंह भी उपस्थित थे.सीआरपीएफ डीजी ने जिला मुख्यालय में पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चाईबासा जिला, विशेषकर सारंडा क्षेत्र, में संचालित एंटी नक्सल ऑपरेशनों की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में जमीनी हालात, सुरक्षा बलों की तैनाती, खुफिया सूचनाओं के समन्वय, लॉजिस्टिक्स और भविष्य की कार्रवाई योजनाओं पर गहन चर्चा की गई.(नीचे भी पढ़े)

बैठक के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि चाईबासा को पूरी तरह नक्सल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से आगे की रणनीति तय की गई है. उन्होंने कहा कि संयुक्त अभियान, निरंतर सर्च-ऑपरेशन, और स्थानीय स्तर पर समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि नक्सली गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार किया जा सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा बलों की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाएगी.











