चांडिल: सरायकेला जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की सख्ती लगातार जारी है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर नीमडीह थाना पुलिस द्वारा सोमवार को थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना, असामाजिक तत्वों की पहचान करना और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई सुनिश्चित करना था.जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो ऐसी मोटरसाइकिलों को जब्त किया, जिन पर न तो नंबर प्लेट लगी थी और न ही वे निर्धारित मानकों के अनुरूप थीं. इन बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे, जिनसे अत्यधिक तेज और असामान्य आवाज निकल रही थी. पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की आवाजें न केवल आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं, बल्कि इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है.(नीचे भी पढ़े)

वाहन जांच के दौरान जब इन मोटरसाइकिलों को रोका गया तो चालक वैध कागजात प्रस्तुत करने में असमर्थ रहे. इसके बाद दोनों बाइकों को विधिवत जब्त कर लिया गया और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों को मानक अनुरूप रखें और पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करें, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे.











