जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया. हाथी घोड़ा मंदिर के पास सड़क के बीचों-बीच खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह चूर-चूर हो गया. चालक स्टेयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई. हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. टेम्पो चालक की पहचान मानगो के पारड़ीह स्थित गुलजार बाग निवासी मोहम्मद फिरोज (46) के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर काफी देर से सड़क के बीच खड़ा था और उस पर कोई चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया था. तेज रफ्तार में आ रहा टेंपो अंधे मोड़ पर ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और सीधे उससे टकरा गया. सूचना पाकर साकची थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और कुछ देर में यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और यदि वाहन खराब हो जाए तो उसे सड़क किनारे खड़ा कर उचित संकेत अवश्य लगाएं. लापरवाही और जल्दबाजी न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल सकती है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की जरूरत को रेखांकित करता है.











