जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कृषि उत्पाद बाजार समिति परिसर में स्थित तेल कारोबारी संजय शर्मा की दुकान से 44 लाख रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि यह गबन किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान में काम करने वाले स्टाफ ने ही किया है. मामले का खुलासा उस समय हुआ जब संजय शर्मा ने अपनी दुकान की ऑडिट कराई. ऑडिट रिपोर्ट में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद उन्होंने परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई. आरोपी की पहचान अर्पित ऋषि के रूप में हुई है, जो सुंदरनगर के ब्यांगबिल हाड़तोपा गांव का रहने वाला है. अर्पित पिछले करीब पांच माह से संजय शर्मा की दुकान में कार्यरत था. दुकान में सामान की डिलीवरी, बिलिंग और रजिस्टर का पूरा काम उसी के जिम्मे था. (नीचे भी पढे़ं)
इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने गबन की योजना बनाई. मिली जानकारी के अनुसार, अर्पित को जहां सामान डिलिवरी के लिए भेजा जाता था, वहां वह माल न पहुंचाकर कहीं और खपा देता था. इसके बाद वह फर्जी बिल तैयार कर दुकान में जमा कर देता था. चूंकि रजिस्टर भी वही संभालता था, इसलिए लंबे समय तक मालिक को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ. पिछले माह से उसने मालिक को पूरी तरह भ्रम में रखा. बताया जा रहा है कि 20 फरवरी 2025 के बाद उसकी नीयत पूरी तरह बदल गई थी. 20 फरवरी से 20 जुलाई 2025 के बीच उसने लगातार धोखाधड़ी करते हुए करीब 44 लाख रुपये का गबन कर लिया. औसतन वह हर महीने लगभग 9 लाख रुपये की हेराफेरी कर रहा था. ऑडिट की भनक लगते ही अर्पित दुकान आना बंद कर फरार हो गया. परसुडीह पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.











