रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, पंप रोड, चक्रधरपुर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की योजना के अनुरूप, विद्या विकास समिति के तत्वावधान में ‘सप्तशक्ति संगम’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ.कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूजा गुप्ता (पीजे सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा) दीदीजी, विशिष्ट अतिथिगण प्रियंका महाजन, सुनीता दीघार एवं प्रिया शर्मा, तथा विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति की उपाध्यक्ष दमयंती नाग द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया.आचार्या मीना कुमारी ने अतिथियों का परिचय कराया. प्रस्तावना में प्रियंका महाजन ने कार्यक्रम के उद्देश्य और उसकी अनिवार्यता पर प्रकाश डालते हुए भारतीय नारी को देवी की प्रतिमूर्ति बताया. उन्होंने नारी में निहित सप्तशक्तियों कीर्ति, श्री, धन, वाणी, स्मृति, धैर्य और क्षमा की व्याख्या करते हुए कहा कि इनके जागरण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है.(नीचे भी पढ़े)

विशिष्ट अतिथि पूजा गुप्ता ने संयुक्त परिवार की महत्ता पर बल देते हुए इसे संस्कारों की पाठशाला बताया, जहां बच्चों को नैतिकता, सामाजिकता और जीवन कौशल की शिक्षा मिलती है. वहीं सुनीता दीघार ने भारतीय नारी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि नारी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की चेतना है. देश के विकास में महिलाओं की भूमिका सर्वोपरि है. अनुभव कथन के दौरान उपस्थित माताओं ने कार्यक्रम की सराहना की और प्राप्त प्रेरणा को अपने जीवन व बच्चों के संस्कारों में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया. कार्यक्रम में आचार्या शांति देवी द्वारा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई तथा अपने बच्चों को शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां दिलाने वाली माताओं को सम्मानित किया गया. दीदीजी द्वारा सप्तशक्ति गीत की प्रस्तुति भी दी गई.इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताओं की सक्रिय सहभागिता रही. प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ. संचालन मीना कुमारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जय श्री दास ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय की दीदीजी बहनों का योगदान सराहनीय रहा.











