जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके पटमदा थाना अंतर्गत चौंरा गांव में शनिवार की शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे सब्जी पैक कर रहे एक किसान नीलकंठ सिंह (69 वर्ष) को कुचल दिया. घटना में किसान के सिर पर गंभीर चोट आयी, जिससे बेहोशी की हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स अस्पताल रांची रेफर कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों के अनुसार घटना में शामिल ट्रक का चालक भूतनाथ महतो बगल के ही घाघरा गांव निवासी है जो गड़बेता (पश्चिम बंगाल) से नियमित सब्जी लेकर जमशेदपुर जाता है. शनिवार को वह जमशेदपुर से लौटने के क्रम में रास्ते में खूब शराब पी ली और अपने घर से करीब 2 किमी पहले ही दुर्घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलने पर झामुमो नेता सुभाष कर्मकार ने पटमदा पुलिस को जानकारी दी और घायल किसान को इलाज हेतु अस्पताल भिजवाया. झामुमो नेता की पहल पर पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में लिया है. बंगाल के पुरुलिया निवासी ट्रक मालिक ने घायल किसान के इलाज का सारा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है. इस संबंध में झामुमो नेता ने बताया कि घायल किसान नीलकंठ सिंह के बेहतर इलाज हेतु रिम्स अधीक्षक से बात की जाएगी.











