जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा मंगलवार को आदित्यपुर स्टेशन का दौरा करने के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आदित्यपुर से लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न रेलवे स्टेशनों का सघन निरीक्षण किया. दौरे का मुख्य उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सुधार और चल रही तथा प्रस्तावित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना था. निरीक्षण के क्रम में जीएम ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर लगातार बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को ‘सैटेलाइट स्टेशन’ के रूप में विकसित किया जा रहा है. आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव और परिचालन आदित्यपुर से सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को टाटानगर का एक बेहतर और सुगम विकल्प मिल सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
जीएम ने नवनिर्मित आदित्यपुर रेलवे स्टेशन भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति पर संतोष जताया. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए लिफ्ट व रैंप का निर्माण, लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार तथा टाटानगर रेलवे यार्ड से जुड़ी थर्ड लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए. इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण कुमार हुरिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. जीएम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में चक्रधरपुर रेल मंडल में आदित्यपुर स्टेशन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है.







