आदित्यपुर : आदित्यपुर स्टेशन के पास पटरी के किनारे मिले युवक के शव की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुरेंद्र दास के रूप में हुई है. वह आदित्यपुर के मानतो मैदान, सालडीह बस्ती का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र अलग-अलग स्थानों से कचरा उठाकर उसे रेलवे पटरी के आसपास फेंकने का काम करता था. रविवार को भी वह इसी काम के लिए आदित्यपुर स्टेशन के पास गया था. इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

ट्रेन की चपेट में आने से सुरेंद्र का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था. घटना के बाद काफी देर तक शव पटरी के पास पड़ा रहा. लोगों की नजर पड़ने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से शव को एमजीएम अस्पताल भेजा गया. मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. इसके बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई. सुरेंद्र की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि सुरेंद्र ही परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.







