आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के समीप एक अपराधकर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई है. घटना के बाद उसकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसे का है, आत्महत्या का या फिर हत्या का. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, अमित सरदार बुधवार रात अपने घर से निकला था. सूत्रों के मुताबिक, कुछ लोग उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिलने की सूचना पर आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान अमित सरदार के रूप में की. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि अमित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह अभी हाल ही में जेल से बाहर आया था. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस उसका अंतिम लोकेशन, कॉल डिटेल्स, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और उससे आखिरी बार संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.




