नई दिल्ली : देश के लाखों लोग 8वें वेतन आयोग के लागू होने का इन्तजार कर रहे हैं, और हमेशा मौके की तलाश में रहनेवाले साइबर ठग अब इसी बात का फायदा उठाते हुए लोगों को अपना शिकार बनाने में जुट गए हैं. इस बार साइबर ठगों के शिकार बन रहे हैं सरकारी कर्मचारी एवं पेंशन भोगी. वास्तव में साइबर ठगी करने वालों ने इस बार सैलरी कैल्कुलेटर के नाम पर लोगों को ठगने का नया तरीका इजाद किया है. और इसमें लोगों के ठगे जाने का इतना खतरा है कि गृह मंत्रालय की साइबर सुरक्ष पहल ‘साइबर दोस्त’ को लोगों के लिए इस खतरे को लेकर चेतावनी जारी करनी पड़ी है. (नीचे भी पढ़ें)

साइबर ठगों ने नये स्कैम प्लान तैयार किया है, जिसे सैलरी कैल्कुलेटर या 8वां वेतन आयोग स्कैम बताया जा रहा है. इसमें ठग लोगों के 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद उनकी नई सैलरी को जानने की अति उत्सुकता का फायदा उठा रहे हैं. खबरों के अनुसार इसमें स्कैमर लोगों से 8वें सीपीसी सैलरी कैल्कुलेटर नाम का ऐप डाउनलोड कराते हैं. विशेष बात यह के साइबर ठग यह ऐप प्ले स्टोर से नहीं, बल्कि एपीके के जरिए साइड लोड कराते हैं. बस ऐसा करते ही ठगों को उस व्यक्ति के फोन का पूरा एक्सेस मिल जाता है और फिर खेला हो जाता है. संबंधित व्यक्ति का बैंक एकाउंट खाली हो जाता है.(नीचे भी पढ़ें)

बताते हैं कि स्कैमर अगर एक बार यूजर के फोन में एपीके को इंस्टॉल कराने में सफल हो जाते हैं, फिर वे दूर से ही सामनेवाले के फोन में हो रही हर गतिविधि को देख सकते हैं. ऐसे में फोन धारक के मैसेज या ओटीपी तक भी जान लेते हैं. इसके बाद बिना किसी देरी के ठग उसके बैंक एकाउंट को खाली करने में जुट जाते हैं. कई मामलों में तो एकाउंट धारक का खाता पूरी तरह खाली होने की बात भी बताई गई है. साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि ये ऐप बैकग्राउंड में काम करते हैं, जिससे फोन धारक को पता भी नहीं चलता और उसकी संवेदनशील जानकारियां लीक हो जाती हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि इस ठगी के तरीके में एपीके और साइड लोडिंग को हथियार बनाया जाता है. आसान भाषा में कहें, तो आम तौर पर आप गूगल के प्ले स्टोर से ही ऐप्स को डाउनलोड करते हैं. वहीं एपीके को को साइड लोड करने का मतलब है कि बिना प्ले स्टोर पर जाए किसी ऐप को फोन में इंस्टॉल करना. इस तरह से इंस्टॉल होने वाले ऐप आमतौर पर खतरनाक ही होते हैं. यही कारण है कि गूगल की पॉलिसी के चलते इन्हें प्ले स्टोर पर जगह नहीं मिलती. ठग मैसेज के रूप में ऐप की एपीके फाइल लोगों के पास भेजते हैं और कुछ लालच देकर उसे उनके फोन में इंस्टॉल करवा लेते हैं. ठगी के इन मामलों में यह लालच 8वें वेतन आयोग के तहत अपनी सैलरी जानने का अति उत्साह होता है.साइबर दोस्त और सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार कभी भी व्हाट्सएप या किसी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए कोई एपीके फाइल नहीं भेजती. ऐसे में निम्न जरूरी बातों का ध्यान रखकर खुद को ऐसी ठगी से बचा जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
- इसके लिए सबसे पहले तो अनजान नंबरों से आने वाले मैसेज को डिलीट कर दें. ऐसे अनजान लोगों से किसी भी तरह की बातचीत से आपको आर्थिक नुकसान हो सकता है.
- व्हाट्स ऐप पर आने वाले किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अगर गलती से क्लिक हो जाए, तो खुलने वाले किसी भी पेज को तुरत बंद कर दें. इसके अलावा अगर लिंक पर गलती से क्लिक होने पर कोई ऐप डाउनलोड होने लगे, तो उसे रोक दें और बेहतर रहेगा कि एक बार फोन को फैक्ट्री रीसेट कर लें.
- इसके अलावा 8वें वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी हो या किसी और सरकारी स्कीम का लाभ, उसके बारे में संबंधित वेबसाइट पर जाकर जानकारी लें, न कि अनजान मैसेजेज में आने वाले लिंक्स के जरिए.
- गांठ बांध लें कि ओटीपी सिर्फ आपके इस्तेमाल के लिए होता है. अगर उसे किसी के साथ भी शेयर किया, तो नुकसान होना तय है.
- अगर गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो गया है, तो उसे तुरत अनइंस्टॉल करें और इसकी जानकारी राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर दें. साथ ही फोन को फैक्ट्री रीसेट कर लें.













