मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 का ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा. इससे पहले 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान किया है. मुंबई इंडियंस ने अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है. मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर अपने सबसे सफल कप्तान पर भरोसा जताया है. पांच बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली इस टीम की कमान अब आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा के हाथों में होगी. करीब तीन साल बाद रोहित की कप्तानी में वापसी हो रही है. इससे पहले 2013 से 2024 तक उन्होंने 11 साल मुंबई की अगुआई की थी और टीम को पांच बार चैंपियन बनाया था. अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें दोबारा कप्तान बनाने का फैसला किया है. 2024 में मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की जिम्मेदारी सौंपी थी. हार्दिक की नियुक्ति के साथ सूर्यकुमार यादव को उपकप्तान बनाया गया था. हालांकि, यह बदलाव फ्रेंचाइजी के लिए उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहा. (नीचे भी पढ़े)
पिछले तीन सीजन में मुंबई की टीम सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ तक पहुंच सकी. मैदान पर प्रदर्शन के अलावा टीम को कुछ विवादों का भी सामना करना पड़ा, जिससे मैनेजमेंट की नाराजगी बढ़ती गई.इसके बाद मुंबई ने हार्दिक पांड्या से अलग होने का फैसला किया. उन्हें पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया, जिसके बदले मुंबई को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मिले. हार्दिक के जाने के बाद टीम के सामने एक बार फिर कप्तान चुनने की चुनौती थी. ऐसे में फ्रेंचाइजी ने किसी नए चेहरे पर दांव लगाने के बजाय अपने पुराने और सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा की ओर रुख किया. मुंबई इंडियंस के पास कप्तानी के लिए कई विकल्प मौजूद थे. सूर्यकुमार यादव इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे थे. वहीं, तिलक वर्मा का नाम भी कप्तानी के संभावित दावेदारों में शामिल था. हाल ही में उन्हें इंडिया ए का कप्तान बनाया गया था, जिससे उनकी नेतृत्व क्षमता को लेकर चर्चा तेज हो गई थी. इसके बावजूद मुंबई मैनेजमेंट रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी संभालने के लिए मनाने में सफल रहा.












