जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना परिसर में मंगलवार को आसन्न होली एवं पवित्र रमजान को लेकर क्षेत्रीय शांति समिति की एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में होली एवं ईद शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया. थाना प्रभारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंचलाधिकारी मनोज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने शिरकत की. थाना प्रभारी ने कहा कि होली और ईद आपसी भाईचारे और सद्भाव के प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. बैठक में जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. सभी ने मिलकर शांतिपूर्वक त्योहार मनाने का संकल्प लिया.




