रामगोपाल जेना/ मनोहरपुर : मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदपुर पंचायत के डोंगाकाटा नीचे टोला निवासी 31 वर्षीया खुशबू खंडाइत की शनिवार शाम स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान मौत हो गई. इससे पहले महिला ने एक मृत बच्ची को जन्म दिया था. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. (नीचे भी पढ़ें)

मृतका के पति रोहित खंडाइत के अनुसार, खुशबू को शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दोपहर करीब 4:22 बजे सामान्य प्रसव के दौरान उसने मृत बच्ची को जन्म दिया. परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की स्थिति सामान्य थी, लेकिन मृत शिशु के जन्म की जानकारी मिलने के बाद उसे गहरा सदमा लगा, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और शाम करीब 7 बजे उसकी भी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
मृतका के परिजनों के अनुसार, शादी के दस वर्ष बाद खुशबू को मां बनने का अवसर मिला था, ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घटना के बाद परिजनों के साथ मनोहरपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम गोप ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे घोर लापरवाही बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी है. साथ ही, अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होने के बावजूद टेक्नीशियन के अभाव में मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि यदि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की जटिलता थी, तो समय रहते जांच कर उचित सलाह दी जानी चाहिए थी, ताकि मरीज को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया जा सके और जच्चा-बच्चा की जान बचाई जा सकती थी. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.




