जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां जन्मदिन मनाने जा रहे दो युवकों की जान चली गई. बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार (23) और विकास रजक (22) देर रात अपने दोस्त कैप्टन शर्मा के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर देवरी मंदिर की ओर जा रहे थे. बाइक कैप्टन शर्मा चला रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, जैसे ही वे चांडिल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. इस हादसे में अमन कुमार और विकास रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैप्टन शर्मा को मामूली चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन और विकास को मृत घोषित कर दिया, जिससे उनके परिजनों में कोहराम मच गया. (नीचे भी पढ़ें)
कैप्टन शर्मा ने बताया कि उस दिन अमन का जन्मदिन था और इसी खुशी में सभी दोस्त मंदिर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. अमन कुमार ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जबकि विकास रजक बजाज फिनांस में कार्यरत था. घटना की सूचना मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिये गये. वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों के प्रति सचेत करने वाला है.




