जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत पृथ्वी पार्क के समीप देर रात विसर्जन जुलूस में शामिल दो युवकों के बीच झड़प हो गयी. हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसका सिर फोड़ दिया. गनीमत यह रही कि उसी दौरान क्षेत्र के भ्रमण पर निकले एसडीओ अर्णव मिश्रा, मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला वहां से गुजर रहा था. सूचना मिलते ही अधिकारी पुलिस जवान हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन वे पृथ्वी पार्क में अंधेरे का लाभ उठाकर रफूचक्कर हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घायल युवक को उसके दोस्तों ने संभाला और प्राथमिक उपचार के लिए अपने साथ ले गए. प्रत्यक्षदर्शियों और जुलूस में शामिल लोगों के अनुसार घायल युवक और हमलावर दोनों ही दाइगुट्टू के रहने वाले हैं और एक ही जुलूस में शामिल थे. विवाद की शुरुआत मानगो हनुमान मंदिर के पास से हुई थी. जुलूस जब पृथ्वी पार्क के पास पहुंचा तो दूसरे पक्ष के युवकों ने उसे किनारे बुलाकर पहले थप्पड़ मारा और फिर अचानक सिर पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवक लहुलूहान हो गया.




