जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत करनडीह चौक स्थित हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)

सर्विस सेंटर के मैनेजर तपन पाल ने बताया कि 28 मार्च की शाम करीब 7 बजे सेंटर बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे. रविवार सुबह जब वे सेंटर पहुंचे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया. अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कैश काउंटर की खिड़की खुली थी और ड्रॉअर का ताला भी टूटा हुआ था. जांच करने पर पता चला कि काउंटर में रखी लगभग 50 से 55 हजार रुपये की नकदी गायब है. (नीचे भी पढ़ें)
फुटेज खंगालने पर पता चला कि इस चोरी में तीन चोर शामिल थे. सीसीटीवी में चोर चेहरे पर मास्क लगाए हुए साफ नजर आ रहे हैं. वीडियो में अपराधी ताला तोड़ते और कैश काउंटर के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं. तपन पाल के अनुसार, यह सर्विस सेंटर पिछले 6 वर्षों से यहां संचालित है, लेकिन आज तक ऐसी घटना कभी नहीं घटी थी. घटना के संबंध में आज सुबह ही संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है.




