रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की ओर से चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर निकाय चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशियों की जीत के उपलक्ष्य में अभिनंदन समारोह आयोजित कर नव-निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश एवं चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव को झामुमो जिला कार्यसमिति में भी स्थान दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि पूर्व के नगर निकाय चुनावों में झामुमो समर्थित उम्मीदवारों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिलता था, लेकिन इस बार जनता ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए झामुमो समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाया है. उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में भी झामुमो संगठित रूप से मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी. वहीं चाईबासा नगर परिषद् अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि नगर के समग्र विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि हाल ही में रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हुई बातचीत में चाईबासा एवं चक्रधरपुर के विकास को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिला है. उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष सह झामुमो महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि दोनों नगर निकायों में झामुमो समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के विश्वास का प्रतीक है और इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने नगर निकाय चुनाव में मिली सफलता के लिए मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा माझी सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो शहरी मतदाताओं के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाने में सफल रहा है.
समारोह में जिला सचिव राहुल आदित्य, प्रवक्ता बुधराम लागुरी, पूर्व जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर महतो, केंद्रीय सदस्य मोनिका बोयपाई, दिनेश चंद्र महतो, मिथुन गागराई, उपाध्यक्ष दीपक प्रधान, अशोक दास, अकबर खान, प्रेम मुंडरी, संगठन सचिव मन्नाराम कुदादा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, वार्ड पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. बैठक में हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव एवं बीएल-2 से संबंधित विषयों की समीक्षा भी की गई. अंत में झामुमो के दिवंगत कार्यकर्ताओं की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.




